नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की एयरोड्रोम सुरक्षा योजना को बीसीएएस की मंजूरी

Posted on: 2026-04-28


नई दिल्ली, 28 अप्रैल। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से अपनी सुरक्षा योजना के लिए मंजूरी मिल गई है, जो उड़ान संचालन शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब एयरपोर्ट प्रशासन उड़ान सेवाएं शुरू करने की तारीख तय करने के लिए विमानन कंपनियों और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने मंगलवार को कहा कि अब हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि सभी प्रणालियां, प्रक्रियाएं एवं कर्मचारी सुरक्षित, कुशल और सुचारु संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हों।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में विकसित हो रही एक नई परियोजना है। इस एयरपोर्ट को क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसका परिचालन शुरू होने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों का दबाव कम होने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है।