नई दिल्ली, 27 अप्रैल । पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे द्वारा की शांति वार्ता शुरू होने की उम्मीद ने आज दुनिया भर के बाजार में उत्साह का माहौल बना दिया है। घरेलू शेयर बाजार में भी शांति वार्ता की उम्मीद की वजह से शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में मामूली बिकवाली भी हुई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद खरीदारों ने दोबारा बाजार में अपना जोर बना दिया। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी का रुख बन गया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.78 प्रतिशत और निफ्टी 0.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सन फार्मास्युटिकल्स, अदानी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, कोटक महिंद्रा और टेक महिंद्रा के शेयर 7.36 प्रतिशत से लेकर 1.99 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक, श्रीराम फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोल इंडिया और बजाज फाइनेंस के शेयर 3.96 प्रतिशत से लेकर 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,815 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,386 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 429 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और आठ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 191.84 अंक की मजबूती के साथ 76,856.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद बिकवाली का दबाव बनने की वजह से यह सूचकांक गिर कर 76,754.20 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक 677.32 अंक उछल कर 77,341.53 अंक के स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 596.07 अंक की मजबूती के साथ 77,260.28 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 47.50 अंक उछल कर 23,945.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में निफ्टी गिर कर 23,936.20 अंक के स्तर तक आया। वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक 24 हजार अंक के स्तर को पार कर 24,107.60 अंक तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 186.75 अंक की तेजी के साथ 24,084.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 999.79 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,664.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 275.10 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,897.95 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।