भारत का एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए इस महीने की 20 से 23 तारीख तक वाशिंगटन डीसी के दौरे पर था। वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि 7 फरवरी को अंतरिम व्यापार समझौते के लिए हुए संयुक्त ढांचे के आधार पर, दोनों पक्षों ने इसके विवरणों को परिष्कृत करने और व्यापक वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए गहन आमने-सामने की चर्चा की।
इसमें यह भी कहा गया कि प्रमुख मुद्दों में बाजार पहुंच, गैर-टैरिफ उपाय, तकनीकी बाधाएं, सीमा शुल्क सुविधा, निवेश प्रोत्साहन, डिजिटल व्यापार और आर्थिक सुरक्षा संरेखण शामिल थे। बैठकों में रचनात्मक और दूरदर्शी दृष्टिकोण देखने को मिला, जिससे ठोस प्रगति हुई। बैठक के दौरान, दोनों देशों ने संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार साझेदारी की दिशा में गति बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।