विश्वविद्यालय प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि विद्या का आध्यात्मिक आलय है : एडीएन बाजपेयी

Posted on: 2026-04-16


बिलासपुर। बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी के पदमुक्ति अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके पांच साल के कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ विदाई दी। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और उनके योगदान को सराहा।

कार्यक्रम की शुरुआत कुलसचिव डॉ. तारनीश गौतम के स्वागत भाषण से हुई। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. एच.एस. होता ने किया, जबकि संचालन डॉ. अतुल दुबे ने किया।

‘स्वर्णकाल’ के रूप में याद किया गया कार्यकाल
समारोह में वक्ताओं ने आचार्य बाजपेयी के पांच वर्ष के कार्यकाल को विश्वविद्यालय का “स्वर्णकाल” बताया। उनके कार्यकाल में कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि, पदोन्नति प्रक्रिया में सुधार, मानव संसाधन प्रबंधन, वित्तीय पारदर्शिता और पुराने भवन से नए परिसर में सफल स्थानांतरण जैसे कई अहम काम हुए।

खेल संकाय के डीन डॉ. प्रमोद तिवारी ने भी उनके प्रशासनिक कौशल और संवेदनशील नेतृत्व की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एक सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल तैयार किया।