रक्षा मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आवंटित 1.86 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का पूर्ण उपयोग किया।

Posted on: 2026-04-02


रक्षा मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रक्षा सेवाओं के लिए आवंटित 1.86 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत परिव्यय का संशोधित अनुमानों के अनुसार पूर्ण उपयोग कर लिया है। नागरिक व्यय और पेंशन सहित रक्षा बजट का कुल उपयोग 99.62 प्रतिशत रहा।
 
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़े हुए खर्च और अतिरिक्त आवश्यकताओं के कारण प्रारंभिक आवंटन 1.80 लाख करोड़ रुपये को बाद में बढ़ा दिया गया। मंत्रालय ने बताया कि मुख्य खर्च विमान और एयरो इंजन, थल प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण, हथियार और जहाज निर्माण पर हुआ। इस वर्ष, 6.81 लाख करोड़ रुपये के 109 प्रस्तावों को आवश्यकता स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 2024-25 में 1.76 लाख करोड़ रुपये के 56 प्रस्तावों को स्वीकृति मिली थी। 2.28 लाख करोड़ रुपये के 503 प्रस्तावों के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा आधुनिकीकरण के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में रक्षा मंत्रालय को 2.19 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसमें 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।