सूरजपुर : वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर राष्ट्रीय संगोष्ठी

Posted on: 2026-03-28


सूरजपुर, 28 मार्च । शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर एवं पंडित रविशंकर त्रिपाठी शासकीय महाविद्यालय भैयाथान के संयुक्त तत्वावधान में उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” विषय पर आज शनिवार को एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन मंगल भवन, सूरजपुर में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।

संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ राज्य हिंदी ग्रंथ अकादमी के संचालक डॉ. गोवर्धन यदु, प्रो. अनिल कुमार सिन्हा (प्राचार्य, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर) तथा प्रो. एच. एन. दुबे (प्राचार्य, शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सूरजपुर) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्राचार्य बृजलाल साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि संगोष्ठी के समन्वयक संदीप कुमार सोनी ने आयोजन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता के रूप में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के इतिहास विभाग के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. सचिन कुमार मंदिलवार ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से व्याख्यान दिया। वहीं, आमंत्रित वक्ताओं डॉ. रामकिंकर पाण्डेय और डॉ. अजय पाल सिंह ने विषय के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए।

इस दौरान विद्वानों और शोधार्थियों के शोध सारांश की स्मारिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धनंजय पाण्डेय और हूमी सिंह ने किया, जबकि अंत में दिग्विजय सिंह ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।