आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही Anthropic ने अपने एआई चैटबॉट Claude के लिए एक नया और काफी दिलचस्प फीचर पेश किया है। अब Claude सिर्फ बातचीत ही नहीं करेगा, बल्कि आपके कंप्यूटर को खुद कंट्रोल करके आपके काम भी पूरा कर सकेगा।
कंपनी के मुताबिक, यह नया फीचर “Computer Use” क्षमता का हिस्सा है, जो Claude को सीधे यूजर के पीसी पर काम करने की ताकत देता है। यानी अब आपको हर छोटी-बड़ी चीज खुद करने की जरूरत नहीं होगी—Claude आपके लिए ऐप खोल सकता है, ब्राउज़र चला सकता है और कई डिजिटल काम अपने आप पूरा कर सकता है।
फिलहाल इसे रिसर्च प्रीव्यू के रूप में लॉन्च किया गया है, जिसे Claude Code और Claude Cowork जैसे टूल्स के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यह फीचर “एजेंटिक AI” तकनीक पर आधारित है, जिसका मतलब है कि एआई सिर्फ निर्देशों का पालन ही नहीं करता, बल्कि खुद निर्णय लेकर काम भी कर सकता है।
Claude इस दौरान वर्चुअल कीबोर्ड और माउस का इस्तेमाल करता है, ठीक वैसे ही जैसे कोई इंसान कंप्यूटर चलाता है। साथ ही, यह स्क्रीन पर दिख रहे कंटेंट को स्क्रीनशॉट के जरिए समझता है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई करता है।
इस नई क्षमता के जरिए Claude कई तरह के काम कर सकता है, जैसे:
ऐप्स खोलना
वेबसाइट्स पर नेविगेट करना
स्प्रेडशीट और डॉक्यूमेंट्स पर काम करना
अगर पहले से Slack या कैलेंडर जैसे ऐप जुड़े हुए हैं, तो Claude उन्हीं के जरिए काम करेगा। जरूरत पड़ने पर आपकी अनुमति लेकर पुराने (legacy) ऐप्स में भी काम कर सकता है।
हालांकि यह फीचर काफी एडवांस है, लेकिन अभी शुरुआती चरण में है। विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल इसकी स्पीड इंसानों से थोड़ी कम हो सकती है। लेकिन आने वाले समय में इसमें सुधार होगा और इसकी क्षमता व रफ्तार दोनों बेहतर होंगी।