महाशिवरात्रि पर कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल द्वारा भव्य रुद्राभिषेक

Posted on: 2026-02-18


रायपुर, 18 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल द्वारा आशीर्वाद भवन, बैरन बाजार में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान आशीर्वाद भवन के द्वितीय तल पर निर्मित नवीन डोम का उद्घाटन पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय के करकमलों से किया गया। अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं सचिव राजकुमार दीक्षित ने बताया कि विद्वान आचार्यों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी, महामृत्युंजय मंत्र एवं शिव मंत्रों का सस्वर पाठ किया गया। मुख्य यजमान के रूप में अनुराग-नमिता पांडेय एवं विकास-मोनिका तिवारी ने पूजा-अर्चना संपन्न की। महिला मंडल द्वारा शिव भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

‘आशीर्वाद’ पत्रिका का विमोचन
इस अवसर पर अखिल भारतीय विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा से सुसज्जित ‘आशीर्वाद’ पत्रिका के 15वें संस्करण का विमोचन किया गया। विमोचन समारोह में संस्था के पदाधिकारियों एवं पूर्व पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। पत्रिका के मुख्य संपादक संजय अवस्थी हैं।

अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं सचिव राजकुमार दीक्षित ने बताया कि यह पत्रिका देशभर में मांग में रहती है और इसमें 650 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा के साथ समाज की वार्षिक गतिविधियों की झलकियां शामिल हैं। पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि ‘आशीर्वाद’ वैवाहिक पत्रिका समाज में पारदर्शी और संस्कारयुक्त वैवाहिक संबंधों को बढ़ावा देने का सार्थक प्रयास है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली।