नई दिल्ली, 17 फरवरी । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने महान क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के की पुण्यतिथि पर मंगलवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा कि महान स्वाधीनता सेनानी और अमर बलिदानी फड़के ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध सशस्त्र क्रांति की नींव को मजबूत किया। उन्होंने युवाओं को मातृभूमि की स्वतंत्रता के ध्येय से जोड़ा।
गडकरी ने मराठी में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम क्रांतिकारी वासुदेव बलवंत फड़के की स्मृति दिवस पर उन्हें नमन करता हूं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें मां भारती का वीर सपूत, सशस्त्र संगठन ‘रामोशी’ का नायक और आद्य क्रांतिवीर बताते हुए उनके बलिदान दिवस पर नमन किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की स्वाधीनता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फड़के की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने मातृभूमि को स्वतंत्र कराने के लिए कोली, भील तथा धांगड़ समुदाय को एकत्र कर ‘रामोशी’ संगठन स्थापित किया और पुणे नगर में स्वतंत्रता की चेतना को सुदृढ़ किया।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने क्रांतिकारी एवं बलिदानी फड़के को नमन करते हुए कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सशस्त्र क्रांति का शंखनाद करने वाले फड़के ने देशवासियों को एकजुट होकर स्वाधीनता के लिए संघर्ष का आह्वान किया और अपने अदम्य शौर्य से भावी क्रांतिकारियों को प्रेरित किया।