बिलासपुर । शहर में गुरुवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोयला व्यापारी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ छापेमारी की है। कार्रवाई की खबर फैलते ही व्यापारिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की बड़ी टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप के कार्यालय, आवास एवं फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर लगी गाड़ियां विभिन्न स्थानों पर देखी गईं। विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। यहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों में बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं। हालांकि, अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और कार्रवाई के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में गिने जाते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक समुदाय में उत्सुकता और चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।