जनता की मेहनत की कमाई और 30 लाख की TV यूनिट! केजरीवाल के पूर्व आवास में और क्या दिखा

Posted on: 2026-11-27


दिल्ली सरकार ने शुक्रवार, 27 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास को मीडिया के लिए खोल दिया। BJP जिसे "शीश महल" कहती है, उस बंगले में लाखों रुपये के सामान दिखाए गए। इनके सहारे सरकार ने सार्वजनिक धन के इस्तेमाल पर फिर सवाल उठाए हैं।

आवास में 30 लाख रुपये की TV यूनिट, 11.56 लाख रुपये का झूमर, 6.71 लाख रुपये का मंदिर और 5.47 लाख रुपये का टू-सीटर सोफा प्रदर्शित किया गया।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के रखरखाव वाले इस बंगले में आठ बेडरूम, 12 टॉयलेट, जकूजी बाथ, स्पा, महंगे कालीन, पांच OLED TV और अन्य सुविधाएं हैं।

दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार केवल यह दिखा रही है कि केजरीवाल ने जनता का पैसा कैसे खर्च किया। वर्मा के मुताबिक, सरकारी गाड़ी और आवास न लेने की बात करने वाले केजरीवाल ने इस बंगले पर 56 करोड़ रुपये लगाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब लोगों की जान जा रही थी, तब "शीश महल" का निर्माण कराया गया।

वर्मा ने फटी सीट वाली लकड़ी की कुर्सी और "फेसबुक लाइव रूम" भी दिखाया। उनका आरोप था कि केजरीवाल अपनी सादगी भरी जिंदगी दिखाने के लिए इसी साधारण कमरे से लाइव आते थे।

वरिष्ठ BJP नेता वर्मा ने 2025 के विधानसभा चुनाव में केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराया था। AAP प्रमुख 2013 से इस सीट पर थे।