रायपुर, 4 अप्रैल। जवाहर नगर मंडल (जिला रायपुर) द्वारा आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान - 2026' का शनिवार को समता कॉलोनी स्थित रामनाथ भीमसेन भवन में शुभारंभ हुआ। विधायक पुरंदर मिश्रा एवं प्रदेश व जिला मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण (झंडा वंदन) कर शिविर की शुरुआत की।
मंडल के अध्यक्ष संदीप जंगल एवं मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक और सांगठनिक रूप से सुदृढ़ करने की मुहिम शुरू की गई है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने सर्वप्रथम प्रशिक्षण स्थल पर लगी विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, जवाहर नगर मंडल के सेवा कार्यों और महापुरुषों के जीवन चित्रों को प्रदर्शित किया गया है। इसके पश्चात, विधायक एवं मंचासीन अतिथियों ने भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए पुरंदर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने अपने वक्तव्य में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि "कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और प्रशिक्षण वह माध्यम है जिससे हम सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचा सकते हैं।" उन्होंने प्रशिक्षण की उपादेयता और संगठन के विकास क्रम पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' के सिद्धांतों से अवगत कराया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की वर्तमान सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के गुर सिखाए।
प्रशिक्षण शिविर में मंच का संचालन अश्वनी विश्वकर्मा द्वारा किया गया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य रूप से रायपुर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें विधायक पुरंदर मिश्रा, मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल,जिला उपाध्यक्ष अकबर अली,महामंत्री गुंजन प्रजापति,प्रदेश प्रवक्ता तौकीर रजा,युवा मोर्चा अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी एवं महामंत्री शंकर साहू जनप्रतिनिधि पार्षद अवतार सिंह बागल, श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, वरिष्ठ पदाधिकारी व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन साहू, चंद्रेश शाह, संतोष साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पांडे और महिला मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती भारती बागल मंडल महामंत्री रमेश शर्मा, श्रीमती गीता रेड्डी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।