रायपुर। रायपुर में पुलिस ने अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। कबीर नगर थाना पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में डीजल-पेट्रोल बरामद किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई Raipur के कबीर नगर क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे, ईपी रोलिंग मिल के पास अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण कर रहे थे और इसे खुले बाजार में बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में ईंधन और उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में 8 ड्रमों में भरा 1,600 लीटर पेट्रोल, 3 ड्रमों में 500 लीटर डीजल और एक टैंकर में भरा 12,000 लीटर डीजल शामिल है। इसके अलावा 1,30,000 रुपये नकद, 1 मोटर पंप, 2 चाड़ी (कीप) और कटिंग ड्रम भी जब्त किए गए हैं। कुल मिलाकर 14,100 लीटर ईंधन बरामद किया गया है। जब्त सामग्री और टैंकर सहित इसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 35,45,770 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि इस अवैध कारोबार में शामिल आरोपी लंबे समय से ईंधन की कालाबाजारी कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी उरला और आमानाका क्षेत्र में इसी तरह के मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध ईंधन कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।