छत्तीसगढ़ में इंडिगो ने जगदलपुर से रायपुर रूट पर अपनी विमान सेवा 28 अक्टूबर से बंद कर दी है। जिसके बाद से बस्तर के लोगों में कंपनी के खिलाफ काफी आक्रोश है। अब बस्तर से सांसद महेश कश्यप ने भी केंद्रीय उड्डयन मंत्री के. नायडू को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने फ्लाइट बंद करने के निर्णय को गलत बताया है। इसे फिर से शुरू करने की मांग की है।
सांसद महेश कश्यप ने अपना बयान भी जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि, बस्तर के लोगों को हवाई सेवा का लाभ मिल रहा था। जगदलपुर से रायपुर रूट पर इंडिगो की सेवा शुरू हो गई थी। लेकिन, इस रूट पर मुनाफा न होने की वजह से कंपनी ने अपनी सेवा बंद कर दी। हमने केंद्रीय विमानन मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से कहा गया है कि बस्तर के लोगों के लिए रेल की सुविधा नहीं है।
बस और कार के माध्यम से करते हैं यात्रा
बस और कार के माध्यम से ही सड़क मार्ग से रायपुर की यात्रा करते हैं। इस रूट पर सिर्फ एक फ्लाइट चल रही थी। जिसे निरंतर चलाया जाए। विमानन मंत्री से पत्र के अलावा बातचीत भी चल रही है। उम्मीद है कि इस रूट पर फ्लाइट फिर से शुरू को जा सकती है।
4 दिन चलती थी फ्लाइट
इसी साल इंडिगो ने अपनी सेवा शुरू की थी। यह फ्लाइट सप्ताह में 4 दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलती थी। फ्लाइट हैदराबाद से जगदलपुर और जगदलपुर से रायपुर और फिर रायपुर से जगदलपुर और जगदलपुर से हैदराबाद के लिए चलती थी।
वहीं, इंडिगो को रायपुर के लिए एवरेज 60 प्रतिशत यात्री ही मिल रहे थे। ऐसे में इंडिगो को इस रूट पर घाटा हो रहा था। जिसके बाद से कंपनी ने 28 अक्टूबर से सेवा बंद कर दी।
अंतिम बार इतने यात्री गए
वहीं, शुक्रवार 25 अक्टूबर को इंडिगो ने जगदलपुर से रायपुर के लिए अपनी आखिरी उड़ान भरी। इस फ्लाइट से हैदराबाद से 68 पैसिंजर जगदलपुर पहुंचे और यहां से 74 यात्री रायपुर के लिए रवाना हुए। वहीं रायपुर से 66 यात्री जगदलपुर आए और यहां से 62 यात्री हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे।